कल्पना कीजिए कि प्रेशर कुकर में सीटी न लगी हो और गैस लगातार तेज़ जल रही हो, तो शायद दबाव से प्रेशर कुकर फट जाए। क्या अब जीवन भी ऐसा ही है? सुबह-शाम, दिन-रात जिस तरह के माहौल में हम रहते हैं, न जाने कितने तरह के दबावों से हमें गुज़रना पड़ता है। तो क्या ये त्योहार उसी प्रेशर कुकर की सीटी की तरह काम करते हैं? जब भी त्योहार आते हैं, तो कुछ समय के लिए हम बहुत खुश हो जाते हैं, लोगों से मिलते हैं, बातें करते हैं, अपना दुख-दर्द बाँटते हैं और हमारा दबाव ऐसे निकल जाता है, जैसे प्रेशर कुकर की गैस।
पर प्रेशर कुकर के नीचे गैस लगातार जल रही है। हमें भी घर में, ऑफिस में, परिवार में, समाज में—हर जगह न जाने कितने तरह के दबाव बिना रुके लगातार झेलने पड़ते हैं। अब प्रश्न उठता है कि इसका कोई सही समाधान है क्या? क्या हम कभी इस गैस को बंद कर सकते हैं? शायद नहीं। परिस्थितियों को बदलना शायद हमारे हाथ में नहीं है। अगर हवा प्रदूषित है, तो हमें प्रदूषित हवा में ही साँस लेनी होगी। अगर सिस्टम भ्रष्ट है, तो हमें उसी भ्रष्ट सिस्टम में कहीं न कहीं जीना होगा। अगर रिश्ते बहुत ही दिखावटी हैं, तो प्रयास करके भी हम उन्हें गहरे रिश्तों में नहीं बदल सकते। तो इसका अर्थ यह है कि गैस तो वैसे ही जलती रहेगी और प्रेशर कुकर में भी दबाव बना रहेगा। तो फिर क्या करें? फिर एक ही उपाय बचता है कि समय-समय पर प्रेशर कुकर की सीटी से गैस निकलती रहे, ताकि किसी तरह जीवन चलता रहे; अन्यथा तो कुकर फट ही जाएगा।
बात तो सही है, लेकिन इसमें बड़ी लाचारी दिखती है। परिस्थितियाँ वही रहेंगी, हम दिन-रात तनाव झेलते रहेंगे और बीच-बीच में कुछ मौज-मस्ती के साधन निकालेंगे। कुछ समय के लिए मज़े करेंगे, फिर वापस उसी तनाव भरे माहौल में लौट आएँगे और वहाँ जाकर अपना दुखड़ा रोते रहेंगे। बड़ी बेचारगी की ज़िंदगी है—तो क्या करें? इसके अलावा कोई उपाय नहीं दिखता।
एक बात स्पष्ट दिखती है: माना कि गैस तो निरंतर जलती रहेगी और प्रेशर कुकर भी हमेशा गैस पर रखा रहेगा, लेकिन प्रेशर कुकर को इतनी जल्दी क्यों है खाना बनाने की? क्या होगा अगर प्रेशर कुकर का ढक्कन बंद न किया जाए? ठीक है, खाना थोड़ा धीरे-धीरे पकेगा, पर शायद अच्छा ही होगा—खाना और ज़्यादा स्वादिष्ट होगा, दबाव भी नहीं बनेगा और कुकर फटने का डर भी नहीं रहेगा। हम लोग किसी निश्चित परिणाम तक पहुँचने की इतनी जल्दी में क्यों हैं? क्या पता, ज़िंदगी किसी परिणाम तक पहुँचने के लिए हो ही नहीं; ज़िंदगी का संपूर्ण अर्थ तो यात्रा का सुख लेना हो।
जिन लोगों ने जीवन को एक सफ़र की तरह जिया और सफ़र के हर पल का आनंद लिया, वे कभी तनाव के शिकार नहीं हुए—चाहे जीवन में कितनी ही कठिन परिस्थितियाँ रही हों और कितनी ही आर्थिक तंगी क्यों न झेली हो। आप ऐसे लोगों के चेहरे पर तनाव नहीं पाएँगे। प्रभु राम को देखिए—वे बरसों तक वनवास में रहे, पर उनके चेहरे पर शिकन तक नहीं आई। गौतम बुद्ध का चरित्र देखिए। उन्होंने अपना राज्य एक झटके में छोड़कर वन की राह ली। पूरा जीवन तपस्या करते और भिक्षा माँगकर बिताया, फिर भी उनका चेहरा तनावमुक्त रहा। कबीर के जीवन को देखिए। उन्होंने भी बड़ी गरीबी में जीवन बिताया, फिर भी हमेशा खुश रहे। इसका मतलब है कि हमारे दुख का कारण शायद हम ख़ुद ही हैं। प्रेशर कुकर में खाना बनाने की जो जल्दी हमें है, उसी से जीवन में तनाव उत्पन्न होता है।
अगर हम जीवन को थोड़ा सहज रहने दें और जो पल आ रहा है, उसे खुशी के साथ जिएँ, अपने काम करें और परिणामों पर बहुत ज़्यादा ध्यान न दें, तो शायद ज़िंदगी बहुत सरल हो जाएगी। जब प्रेशर कुकर का ढक्कन ही नहीं लगेगा, तो तनाव कहाँ से उत्पन्न होगा? खुलेपन के साथ ज़िंदगी जीने का अलग ही आनंद है। ध्यान से देखें, तो हमारे दुख का कारण हम ख़ुद ही हैं। हमने अपने लक्ष्य तक पहुँचने की जल्दी में अपनी ज़िंदगी में बहुत सारे तनाव पैदा कर लिए हैं और यही तनाव हमारे दुख का कारण है। इसलिए हम बार-बार भागते रहते हैं—कभी रेस्टोरेंट में बाहर खाना खाते हैं, कभी दोस्तों के साथ खाना खाते हैं, कभी पार्टी करते हैं, कभी शराब पीते हैं, कभी कहीं घूमने जाते हैं, कभी लोगों को अपना भव्य महल दिखाते हैं। ये सब अलग-अलग तरह के उपाय हैं। अगर हम खुलकर जीना सीख जाएँ, तो हमें इन सब उपायों की ज़रूरत ही नहीं पड़ेगी। जब हम आस-पास के लोगों को देखते हैं, उनके दुख-दर्द को महसूस करते हैं और उनकी ज़रूरतों में साझेदार बनते हैं, तो जीवन अपने-आप ही बहुत अर्थपूर्ण हो जाता है और हमें इन सब उपायों की आवश्यकता नहीं पड़ती।
मुझे पूरी उम्मीद है कि नई पीढ़ी में बहुत-से लोग हर चीज़ को तर्क की कसौटी पर कसते हैं तथा बिना सोचे-समझे कोई भी बात स्वीकार नहीं करते। इसलिए मुझे पूरी उम्मीद है कि नए बच्चे इस मूर्खता को समझेंगे और तर्कपूर्वक विचार करेंगे। जैसे ही वे विचार करेंगे, वे तुरंत समझ जाएँगे कि एक के बाद एक पलायन से कुछ हासिल नहीं होगा और जीवन हमेशा निरर्थक ही रहेगा। जितना हम उनके पीछे भागेंगे, उतना ही आगे बढ़ने के लिए बेचैन होंगे। इसलिए हमें आज नहीं तो कल इस बात पर विचार करना ही होगा कि जीवन का अर्थ क्या है और हम इस दुनिया में क्यों आए हैं। हम इस दुनिया में इसलिए नहीं आए हैं कि एक के बाद एक खुशी के पीछे भागते रहें, बल्कि हम इस जीवन में इसलिए आए हैं कि अपने चारों ओर के लोगों के दुख-दर्द को समझें और उनके लिए कुछ ऐसा कार्य करें, जो उनका जीवन भी सार्थक बनाए। जीवन में अनंत संभावनाएँ हैं। संपूर्ण सृष्टि अन्वेषण के लिए है। मानव जीवन अनेक अवसरों से भरा पड़ा है; अब यह हमारे ऊपर है कि हम बाधाओं पर ध्यान केंद्रित करते हैं या उन अवसरों पर, जो जीवन को सार्थक बनाते हैं। इस संसार का एक ही सत्य है: हम जितना डरेंगे तथा उस डर को भगाने के लिए जितने साधन इकट्ठा करेंगे, डर उतना ही बढ़ेगा। उसी तरह, जितना हम चेतना से जुड़ेंगे, उतना ही हम उस चेतना के रहस्यों को जानेंगे। हमारा डर कम होगा और हम अन्य लोगों से जुड़ेंगे, क्योंकि अन्य व्यक्ति भी उसी चेतना का स्वरूप हैं। इस तरह डर से भरा जीवन और चेतना-प्रेरित जीवन बिल्कुल अलग-अलग तरीके से चलते हैं, और हममें से प्रत्येक व्यक्ति के पास यह विकल्प हर समय उपलब्ध है।

Leave a Reply